Sunday, October 24, 2010

कौन सा फूल चढ़ाएं शिव को

भगवान शंकर के पूजन में विभिन्न फूलों का भी विशेष महत्व है। विभिन्न फूलों से विधि-विधानपूर्वक भगवान शंकर का पूजन करने पर मनोवांछित फलों की प्राप्ति होती है। शिवपुराण की रुद्रसंहिता में इस संदर्भ में विस्तृत वर्णन मिलता है जो इस प्रकार है-
लाल व सफेद आंकड़े के फूल से शिव का पूजन करने पर भोग व मोक्ष की प्राप्ति होती है। चमेली के फूल से पूजन करने पर वाहन सुख मिलता है। अलसी के फूलों से शिव का पूजन करने से मनुष्य भगवान विष्णु को प्रिय होता है। शमी पत्रों से पूजन करने पर मोक्ष प्राप्त होता है। बेला के फूल से पूजन करने पर शुभ लक्षणों से युक्त पत्नी मिलती है।
जूही के फूल से शिव का पूजन करें तो घर में कभी अन्न की कमी नहीं होती। कनेर के फूलों से शिव का पूजन करने से नवीन वस्त्रों की प्राप्ति होती है। हरसिंगार के पुष्पों से पूजन करने पर सुख-सम्पत्ति में वृद्धि होती है। धतूरे के पुष्प के पूजन करने पर भगवान शंकर सुयोग्य पुत्र प्रदान करते हैं, जो कुल का नाम रोशन करता है। लाल डंठलवाला धतूरा पूजन में शुभ माना गया है।
दुर्वा से पूजन करने पर आयु बढ़ती है। तुलसीदल से पूजन करने पर शिव भोग व मोक्ष प्रदान करते हैं। इन फूलों को एक-एक लाख की संख्या में शिव के ऊपर चढ़ाया जाए तो भगवान शिव प्रचुर फल प्रदान करते हैं। चम्पा व केवड़े के फूल छोड़कर शेष सभी फूल शिव पूजन में चढ़ाए जा सकते हैं।

नहीं चढ़ाते शिव को केतकी पुष्प

शिव की पूजा उत्तम फूलों से पूजा करने के मनोवांछित फल मिलते हैं। शिव की पूजा में सिर्फ केतकी का ही पुष्प क्यों चढ़ाया जाता इसके बारे में एक कथा है- एक बार ब्रह्माजी व विष्णुजी में विवाद छिड़ गया कि दोनों में श्रेष्ठ कौन है। ब्रह्माजी सृष्टि के रचयिता होने के कारण श्रेष्ठ होने का दावा कर रहे थे और भगवान विष्णु पूरी सृष्टि के पालन कर्ता के रूप में स्वयं को श्रेष्ठ कह रहे थे। तभी वहां एक विराट ज्योतिर्मय लिंग प्रकट हुआ। दोनों देवताओं ने सर्वानुमति से यह निश्चय किया गया कि जो इस लिंग के छोर का पहले पता लगाएगा उसे ही श्रेष्ठ माना जाएगा। अत: दोनों विपरीत दिशा में शिवलिंग की छोर ढूढंने निकले। छोर ने मिलने के कारण विष्णुजी लौट आए। ब्रह्मा जी भी सफल नहीं हुए परंतु उन्होंने आकर विष्णुजी से कहा कि वे छोर तक पहुँच गए थे। उन्होंने केतकी के फूल को इस बात का साक्षी बताया। ब्रह्मा जी के असत्य कहने पर स्वयं शिव वहाँ प्रकट हुए और उन्होंने ब्रह्मा जी की आलोचना की। दोनों देवताओं ने महादेव की स्तुति की तब शिव जी बोले कि मैं ही सृष्टि का कारण, उत्पत्तिकर्ता और स्वामी हूँ। मैंने ही तुम दोनों को उत्पन्न किया है। शिव ने केतकी पुष्प को झूठी साक्षी देने के लिए दंडित करते हुए कहा कि यह पुष्प मेरी पूजा में प्रयुक्त नहीं किया जा सकेगा। इसीलिए शिव के पूजन में कभी केतकी का पुष्प नहीं चढ़ाया जाता।

No comments:

Post a Comment